मंडी में कलयुगी बेटे और बहू ने बुजुर्ग पिता की आंखों में मिर्च डालकर बांधा, पुलिस ने दर्ज किया केस

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के चौंतड़ा मुशैहरा गांव में बेटे और बहू ने मिलकर बुजुर्ग पिता पर बेरहमी से हमला किया। आरोपियों ने बुजुर्ग की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हाथ-पांव बांध दिए और जमकर मारपीट की।

पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक बुजुर्ग लेखराज रात के समय अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा राहुल वहां पहुंचा और उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। आंख खुलते ही जलन के मारे जब बुजुर्ग तड़पने लगे तो बेटे ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान आरोपी बहू ममता ने भी अपने पति का पूरा साथ दिया। जब पीड़ित लेखराज ने वहां से भागकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, तो बहू ने रस्सी से उनके हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद दोनों ने मिलकर बंधक बने बुजुर्ग पिता पर डंडों से हमला कर दिया।

हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर स्थानीय थाने पहुंचे। जोगिंद्रनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बेटे राहुल और बहू ममता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में बेटे और बहू की करतूत को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News