Una News: हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वां नदी पर 52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन त्यूड़ी-पंडोगा पुल का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। आधा किलोमीटर से अधिक लंबे इस पुल से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़क सहित इस पुल का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
त्यूड़ी-पंडोगा पुल बनने से आसपास की करीब 15 पंचायतों को सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा हरोली, गगरेट, कुटलैहड़ और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी। इस पुल के चालू होने पर पंडोगा और त्यूड़ी के बीच का सफर लगभग 15 किलोमीटर कम होगा, जिससे समय और ईंधन दोनों बचेगा।
हिमाचल प्रदेश का सबसे लंबा रामपुर पुल भी हरोली में ही स्थित है। नया त्यूड़ी-पंडोगा पुल बनने से यह इलाका कनेक्टिविटी के मामले में नया रिकॉर्ड बनाएगा। इस पुल में कुल 13 स्पैन लगने हैं, जिनमें से 11 स्पैन का काम पूरा हो चुका है। बाकी दो स्पैन और एप्रोच रोड का काम बारिश के बाद पूरा किया जाएगा।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि यह पुल क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से देखा जा रहा एक बड़ा सपना था। कभी लोगों को जान जोखिम में डालकर छोटी पुलिया से स्वां नदी पार करनी पड़ती थी। अब इस गंभीर समस्या का स्थाई समाधान हो रहा है। यह पुल व्यापार, कनेक्टिविटी और विकास का नया आधार बनेगा।