Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बालीचौकी के पास सिहड़ा में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तीर्थन नदी में अनियंत्रित कार गिरने से स्कूल के शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है।
यह दुर्घटना उस समय हुई जब शिक्षक दीप कुमार अपने घर वापस लौट रहे थे। मृतक की पहचान कुल्लू जिले के बंजार स्थित सिहड़ा निवासी 51 वर्षीय दीप कुमार के रूप में हुई है, जो फगवाना स्कूल में तैनात थे। वहीं, घायल की पहचान सिहड़ा गांव के ही 34 वर्षीय सुरेश कुमार के तौर पर हुई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने घायल सुरेश कुमार को सबसे पहले कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया। गंभीर स्थिति के कारण वहां से उन्हें एम्स बिलासपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी सड़क हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुटे हैं, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।