Saharsa News: बिहार के सहरसा जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान प्रसाद खाने से बड़ा हादसा हो गया। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के सरदिहा गांव में प्रसाद ग्रहण करने के बाद 100 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं।
ग्रामीणों के अनुसार प्रसाद खाने के बाद लोगों को अचानक उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने लगी। स्थानीय पंचायत समिति सदस्य ने प्रभावितों की संख्या 150 से 200 के बीच होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में पहुंच चुकी हैं।
सरदिहा गांव के दो वार्डों में फैला संक्रमण, मेडिकल टीम तैनात
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह घटना सरदिहा गांव के वार्ड नंबर 8 और 9 में सामने आई है। गुरुवार को गांव में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया था और भोजन-प्रसाद खाया था। इसके बाद से ही धीरे-धीरे लोगों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला शुरू हो गया।
मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज आशीष कुमार ने बताया कि पूजा का भोजन करने के बाद बच्चे और बड़े बीमार हुए हैं। सब-डिविजन अस्पताल से डॉक्टरों की टीम आवश्यक दवाइयों के साथ गांव में लगातार कैंप कर रही है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
बीमारी की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटा प्रशासन
सिविल सर्जन राज नारायण प्रसाद ने बताया कि कई घरों से मरीज सामने आने के कारण सटीक आंकड़ा जुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन कुछ बच्चों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।
पंचायत समिति सदस्य राहुल सिंह ने बताया कि बीमारी की असली वजह जांच के बाद ही साफ होगी। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि लोग दूषित प्रसाद की वजह से बीमार पड़े हैं या मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण। फिलहाल मेडिकल टीम गांव में तैनात है और लोगों की हालत सुधर रही है।