New Delhi News: देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने 13,041 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार रेलवे और एक राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी गई।
हावड़ा-चेन्नई रूट का चौहरीकरण और प्रमुख रेल प्रोजेक्ट्स
कैबिनेट द्वारा स्वीकृत चार रेलवे प्रोजेक्ट्स में हावड़ा-चेन्नई मुख्य रेल मार्ग का चौहरीकरण शामिल है, जिससे इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों की गति और क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा कटक से पारादीप के बीच तीसरी और चौथी नई रेल लाइन बिछाने की मंजूरी दी गई है, साथ ही नेटवर्क विस्तार के लिए दो अन्य रेल परियोजनाएं भी पास की गई हैं।
बिहार में मुजफ्फरपुर से नेपाल बॉर्डर तक बनेगा फोर लेन हाईवे
सड़क परिवहन से जुड़ी पांचवीं परियोजना के तहत बिहार में मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए नेपाल सीमा तक जाने वाले सोनबरसा मार्ग पर फोर लेन हाईवे का निर्माण किया जाएगा। यह नया हाईवे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और सीमावर्ती कनेक्टिविटी को तेज करेगा। इन सभी प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से देश में लॉजिस्टिक्स और सफर दोनों काफी आसान हो जाएंगे।