Patna News: बिहार लोक सेवा आयोग आज शिक्षक भर्ती (BPSC TRE 4.0) के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करने जा रहा है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही आवेदन की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 सितंबर 2026 से शुरू होंगे।
शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने में हो रही देरी के कारण अभ्यर्थी आज से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। अभ्यर्थियों के उग्र विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आयोग आज शाम तक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। इससे लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बिहार सरकार द्वारा पूर्व में दी गई जानकारी के अनुसार इस प्रक्रिया के तहत कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसमें प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों के पद शामिल हैं। आयोग विस्तृत विज्ञापन जारी करके हर वर्ग के लिए रिक्तियों का अलग-अलग विवरण आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराएगा।
पदों के श्रेणीवार ब्योरे के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए सीटें तय की गई हैं:
- कक्षा 1 से 5वीं तक के प्राथमिक शिक्षकों के लिए कुल 3,847 पद खाली हैं।
- कक्षा 6 से 8वीं तक के उच्च प्राथमिक वर्ग के लिए 8,563 पदों पर भर्ती होगी।
- कक्षा 9 से 10वीं के माध्यमिक शिक्षकों के लिए कुल 3,877 पद निर्धारित किए गए हैं।
- कक्षा 11 से 12वीं के उच्च माध्यमिक वर्ग के लिए सबसे ज्यादा 16,101 पद भरे जाएंगे।
बिहार लोक सेवा आयोग ने इस भर्ती में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अनिवार्य कर दी है। इसके लिए डायरेक्ट लिंक आधिकारिक पोर्टल bpsc.bihar.gov.in पर एक्टिव है। उम्मीदवार तुरंत अपना ओटीआर पूरा कर लें, ताकि बाद में फॉर्म भरते समय कोई तकनीकी परेशानी न आए।
बिहार एसटीईटी 2026 की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए भी एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जो अभ्यर्थी एसटीईटी 2026 परीक्षा में शामिल होंगे, वे भी इस शिक्षक भर्ती के लिए पूरी तरह पात्र माने जाएंगे। शाम को डिटेल्ड नोटिफिकेशन जारी होने के साथ सभी नियम स्पष्ट कर दिए जाएंगे।