Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अंब विकास खंड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत के उपप्रधान और उनके पिता पर केस दर्ज किया गया है। दोनों पर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ आपत्तिजनक रील डालने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं ने 20 जून को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ डीसी ऊना से शिकायत की थी। इसी बात से नाराज होकर उपप्रधान और उनके परिवार ने दुश्मनी रखनी शुरू कर दी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस स्टेशन जाने के दौरान आरोपियों ने उन्हें खुलेआम धमकी दी थी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उपप्रधान ने सोशल मीडिया पर हाथ में बंदूक लेकर रील शेयर की। इस वीडियो में बदला लेने से जुड़ा गाना इस्तेमाल किया गया था। इस हरकत और धमकियों से शिकायतकर्ता अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं। उन्हें अपनी जान-माल का खतरा सता रहा है।
अंब के डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस को शिकायत के साथ फोटो और वीडियो साक्ष्य मिले हैं। इनके आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।