National News: 8वें वेतन आयोग (8th CPC) ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जयपुर में होने वाली बैठकों का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें उन कर्मचारी संगठनों को मौका मिलेगा जिन्होंने पहले ही अपना ज्ञापन जमा कर दिया है|
31 अगस्त और 1 सितंबर को जयपुर में होंगी अहम बैठकें
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को जयपुर में विभिन्न संगठनों के साथ सीधी चर्चा की जाएगी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की मांगों, वेतन ढांचे, भत्तों और पेंशन से जुड़े सेवा संबंधी मुद्दों पर सीधे सुझाव और प्रतिक्रियाएं प्राप्त करना है|
अंतिम तारीख 18 अगस्त, ऑनलाइन आवेदन करना जरूरी
बैठक में शामिल होने के लिए इच्छुक संगठनों को आयोग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से 18 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। आवेदन करते समय ज्ञापन का यूनिक मेमो आईडी देना अनिवार्य है। हार्ड कॉपी या ई-मेल से भेजे गए आवेदनों को आयोग स्वीकार नहीं करेगा|
देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी आयोजित होंगी बैठकें
जयपुर के अलावा आयोग देश के कई अन्य शहरों में भी बैठकों का आयोजन करेगा। जारी कार्यक्रम के तहत 7 और 8 सितंबर को चेन्नई, 9 सितंबर को पुडुचेरी और 16 से 18 सितंबर 2026 तक चंडीगढ़ में चर्चा होगी। इससे पहले अगस्त में नई दिल्ली में भी कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं|
आर्थिक पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार होंगी सिफारिशें
आयोग की अंतिम सिफारिशें केवल मांगों पर आधारित नहीं होंगी, बल्कि देश की आर्थिक स्थिति और वित्तीय अनुशासन को भी ध्यान में रखा जाएगा। इसके अलावा गैर-अंशदायी पेंशन योजनाओं के वित्तीय बोझ, विकास कार्यों के संसाधनों और निजी क्षेत्र के वेतन ढांचे की तुलना करके अंतिम रिपोर्ट बनाई जाएगी|