Rohtak News: सांपला के वार्ड नंबर 11 में 40 वर्षीय मनोज पुत्र ईश्वर का शव उनके घर के कमरे में बेड पर खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के शरीर पर मिले तेजधार हथियार के निशान
शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह तेजधार हथियार के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मौके से खून से सना एक चाकू और लोहे की नुकीली पट्टी बरामद की है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का।
मृतक मनोज पहले सांपला नगरपालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। उसने लगभग दो महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक उसे शराब पीने की आदत थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अस्पताल में भर्ती थी पत्नी, पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के समय मृतक की पत्नी बीमार होने के कारण स्वास्तिक अस्पताल में भर्ती थी और बेटी भी उसके साथ थी। मनोज अपने परिवार में सबसे बड़ा भाई था और उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सांपला चौकी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।