ग्रेटर नोएडा में मासूम बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्दा गांव में एक मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और घटना के करीब दो घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची का परिचित है और बच्ची उसे ‘मामा’ कहकर बुलाती थी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त (DCP) डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने गुरुवार को जानकारी दी कि बच्ची के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने तलाश अभियान चलाते हुए घटना के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि बच्ची परिचित होने के कारण आरोपी के साथ गई थी। पुलिस ने इसे जांच का प्रारंभिक निष्कर्ष बताते हुए कहा है कि कथित आपराधिक घटना से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है।

पीड़िता की हालत सामान्य, इलाके में शांति व्यवस्था कायम

डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के मुताबिक, पीड़िता की हालत ठीक है और आवश्यक कानूनी व चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है और किसी प्रकार का तनाव नहीं है। पुलिस की प्राथमिकता निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है।

मध्य प्रदेश के भिंड में दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा

इसी तरह के एक अन्य मामले में मध्य प्रदेश के भिंड जिले की विशेष पॉक्सो (POCSO) अदालत ने 12 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में 28 वर्षीय आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। सुनवाई के दौरान आरोपी ने जेल में बिताए 312 दिनों के आधार पर रिहाई की मांग की थी, जिसे न्यायालय ने अपराध को अत्यंत गंभीर और निंदनीय बताते हुए खारिज कर दिया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News