कुंडा की श्रीराम कथा में पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों ने किया सामूहिक हवन, मंच पर दिखा सियासी संगम

Share

- Advertisement -

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती में चल रही श्रीराम कथा के दूसरे दिन बुधवार को धार्मिक सौहार्द और सियासी जमावड़े का दृश्य देखने को मिला। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा हवन में हिस्सा लिया।

पाकिस्तानी हिंदू परिवारों का पारंपरिक स्वागत और हवन

इस धार्मिक अनुष्ठान में पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानपूर्वक शामिल किया गया। हवन से पहले सभी परिवारों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और हाथों में कलावा बांधकर स्वागत किया गया।

स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्हें अलग-अलग यज्ञ कुंडों पर बैठाया गया। धीरेंद्र शास्त्री और राजा भैया की उपस्थिति में इन परिवारों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ किया और यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। सभी परिवारों ने आयोजन के लिए राजा भैया का आभार जताया और बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर से आशीर्वाद प्राप्त कर सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कथा के मंच पर दिखे कई सियासी धुर विरोधी

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक परिवार के बैनर तले आयोजित हो रही इस कथा में राजनीति के कई दिग्गजों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। कुंडा विधानसभा से सात बार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा भैया ने कथा मंच पर कई ऐसे नेताओं को एक साथ बैठाया, जिन्हें सियासी तौर पर एक-दूसरे का धुर विरोधी माना जाता है।

कथा के मंच पर जौनपुर के एमएलसी धनंजय सिंह और वाराणसी के बृजेश सिंह एक साथ मौजूद रहे। वहीं, बृजेश सिंह के भतीजे और सैयदराजा से विधायक सुशील सिंह भी कथा पंडाल में एक ही सोफे पर बैठे नजर आए। हालांकि, चाचा-भतीजे के बीच सोफे पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौली का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभित्व सत्य बैठे थे। इसके अलावा भाजपा के कार्यकर्ताओं से लेकर कई वरिष्ठ नेता, विधायक और मंत्री भी लगातार कथा में पहुंच रहे हैं।

आचार्य धीरेंद्र शास्त्री ने सुनाया वनवास और भरत मिलाप का प्रसंग

कथा के दौरान आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम के वनवास और माता कैकेयी के त्याग का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि धर्म की स्थापना और अधर्म के विनाश के लिए स्वयं भगवान श्रीराम ने माता कैकेयी को भरत के लिए राजगद्दी और अपने लिए 14 वर्ष का वनवास मांगने के लिए प्रेरित किया था।

आचार्य ने कहा कि समाज में अपयश और पुत्र भरत के क्रोध की आशंका के बावजूद माता कैकेयी ने जनकल्याण के लिए यह वरदान मांगा। उन्होंने आगे कहा कि जो भगवान के साथ होता है, जीत उसी की होती है। लंका विजय के बाद माता जानकी और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटने पर नगरवासियों ने श्रीराम का भव्य स्वागत किया और श्रीराम ने भरत मिलन के बाद सबसे पहले माता कैकेयी और फिर अन्य माताओं से भेंट की।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News