Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात क्षेत्र में सिलाई केंद्र जाने के लिए घर से निकली एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। काफी तलाश के बाद भी सुराग न मिलने पर महिला के पति ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस थाना सिहुंता में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला पुलिस थाना सिहुंता के अंतर्गत आता है। गांव जोलना निवासी रशपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रोज की तरह सिलाई केंद्र जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटी। पत्नी के समय पर वापस न आने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू की।
रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग
शिकायतकर्ता रशपाल ने बताया कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों, परिचितों और अन्य सभी संभावित स्थानों पर पत्नी की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्नी का अपहरण किए जाने का संदेह जताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना सिहुंता में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब महिला के लापता होने के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के साथ-साथ अपहरण की आशंका से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सिहुंता थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही हैं और लापता महिला की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।