Patna News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने ‘राइजिंग भारत’ कार्यक्रम में शादी और मुख्यमंत्री की कुर्सी के बीच चुनाव करने के सवाल पर स्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह निश्चित रूप से मुख्यमंत्री की कुर्सी चुनेंगे, क्योंकि वह अभी शादी के लिए तैयार नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने जनता की नाराजगी को लेकर भी अपनी बात रखी।
एक टीवी कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत’ के दौरान चिराग पासवान ने अपने निजी जीवन और राजनीतिक प्राथमिकताओं से जुड़े सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। जब उनसे पूछा गया कि यदि उन्हें शादी और मुख्यमंत्री की कुर्सी में से किसी एक को चुनना हो, तो उनकी पसंद क्या होगी। इस पर चिराग ने बिना किसी हिचकिचाहट के मुख्यमंत्री की कुर्सी को चुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अभी शादी के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए वह निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री की कुर्सी को ही प्राथमिकता देंगे।
मां की डांट और जनता की नाराजगी पर क्या बोले चिराग
कार्यक्रम में चिराग पासवान से एक अन्य सवाल पूछा गया कि उन्हें अपनी मां की डांट से ज्यादा डर लगता है या जनता की नाराजगी से। इसके जवाब में चिराग ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें मां की डांट तो कभी पड़ी ही नहीं है, लेकिन वह जनता की नाराजगी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि जनता ही उनके लिए सब कुछ है और वह हमेशा लोगों के हित में काम करना चाहते हैं। चिराग पासवान के इन बयानों से साफ है कि वह अपनी व्यक्तिगत जिंदगी की तुलना में राजनीतिक जिम्मेदारियों और जनसेवा को अधिक महत्व देते हैं।