आर्मेनिया में लाइव टीवी डिबेट के दौरान दो मेहमानों में हुई मारपीट, प्रसारण आयोग ने जताई नाराजगी

Share

- Advertisement -

International News: आर्मेनिया के सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान दो मेहमानों के बीच लाइव शो में जमकर मारपीट हो गई। बहस के दौरान पूर्व राष्ट्रपति के साथ संबंधों को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार और राजनीतिक विशेषज्ञ आपस में भिड़ गए। घटना पर देश के प्रसारण आयोग ने कड़ी नाराजगी जताई है।

    आर्मेनिया के सरकारी प्रसारक के राजनीतिक कार्यक्रम ‘द ग्रेट डिबेट’ में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हो रही थी। इस चर्चा में पत्रकार बोरिस मुराजी और राजनीतिक विशेषज्ञ हारुत्युन मकर्तचयन को मेहमान के रूप में आमंत्रित किया गया था। शुरुआत में चर्चा सामान्य रही, लेकिन कुछ देर बाद दोनों के बीच माहौल गरमाने लगा।

    बहस के दौरान राजनीतिक विशेषज्ञ मकर्तचयन ने पत्रकार मुराजी से आर्मेनिया के पूर्व राष्ट्रपति सर्ज सर्गस्यान के साथ उनके कथित व्यक्तिगत संबंधों को लेकर सवाल पूछ लिया। पत्रकार मुराजी खुले तौर पर पूर्व राष्ट्रपति की आलोचना करते रहे हैं, इसलिए इस सवाल पर वह भड़क गए। उन्होंने इस टिप्पणी को अपमानजनक और अस्वीकार्य बताया।

    गाली-गलौज के बाद चले लात-घूंसे

    सवाल पर आपत्ति जताने के बाद दोनों मेहमानों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों अपनी सीटों से उठे और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। लाइव प्रसारण के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर लात और घूंसे बरसाए। स्टूडियो में अचानक हुई इस हाथापाई को देखकर कार्यक्रम के एंकर और तकनीकी दल के सदस्य बीच-बचाव के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया।

    पत्रकार की सफाई और प्रसारण आयोग की निंदा

    इस घटना के अगले दिन पत्रकार बोरिस मुराजी ने फेसबुक लाइव के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने अपने व्यवहार पर खेद जताने के बजाय इसे सही ठहराने की कोशिश की। मुराजी ने कहा कि विशेषज्ञ मकर्तचयन ने अपनी सभी सीमाएं पार कर दी थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब उन्होंने इस तरह से हद पार की, तो मुझे थोड़ी देर के लिए उस आदमी को सही तरीके से सुधारने की जिम्मेदारी लेनी पड़ी। मैंने कुछ कदम उठाए। जो काम उनके पिता को करना चाहिए था, वो मुझे करना पड़ा।”

    दूसरी ओर, लाइव टीवी पर हुई इस हिंसा पर आर्मेनिया के टेलीविजन और रेडियो आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस घटना की निंदा की। बयान में कहा गया कि बहस में बुलाए गए मेहमानों की ओर से खुलेआम की जाने वाली हिंसा और गाली-गलौज को किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। आयोग ने स्पष्ट किया कि गरमागरम बहस, टीआरपी बढ़ाने या औपचारिक निष्पक्षता के नाम पर ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    मैक्सिको के लाइव शो में भी हुआ था हादसा

    लाइव टेलीविजन कार्यक्रम के दौरान विवाद और हादसे का एक अन्य मामला मैक्सिको से भी सामने आया है। मैक्सिको के लेट-नाइट कॉमेडी कार्यक्रम ‘एस शो’ की मेजबानी कर रहे एंकर अर्नेस्टो चावाना 17 नवंबर की रात मॉडल्स के एक समूह के साथ शूटिंग कर रहे थे। इसी दौरान कैमरे से लैस एक छोटा ड्रोन काफी नीचे उड़ता हुआ उनके बेहद करीब आ गया।

    पास आते ड्रोन से नाराज होकर एंकर चावाना ने उसे जोर से लात मार दी और माइक पर कहा कि इस चीज को मुझसे दूर रखा जाए। लात लगने के बाद ड्रोन हवा में उछला और वहां खड़ी मॉडल इसाबेला रोजास के चेहरे से जा टकराया। ड्रोन लगने से मॉडल के होंठ पर चोट आई और खून बहने लगा। सेट पर मौजूद दो महिलाएं उन्हें सहारा देकर बाहर ले गईं, जबकि एंकर ने इस घटना पर क्रू सदस्यों पर नाराजगी जताई।

    हालांकि, कुछ ही मिनटों बाद मॉडल इसाबेला रोजास ने सेट पर वापसी की और दर्शकों को बताया कि वह ठीक हैं और उनका होंठ थोड़ा कट गया है। इसके बाद एंकर अर्नेस्टो चावाना ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मॉडल से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसके जिम्मेदार वह खुद हैं और उन्हें अपने किए पर बेहद शर्मिंदगी है।

    Read more

    Related News