धर्मशाला के मैक्सिमस मॉल स्थित केएफसी स्टोर में भड़की आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित मैक्सिमस मॉल में बुधवार दोपहर बाद अचानक आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि यह आग मॉल परिसर में स्थित केएफसी (KFC) स्टोर में लगी। घटना के समय मॉल और वहां स्थित सिनेमाघर में सैकड़ों लोग मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

200 मीटर दूर से तुरंत पहुंची दमकल टीम

जानकारी के अनुसार, केएफसी स्टोर के भीतर अचानक आग भड़की और देखते ही देखते स्टोर के अंदर और बाहर चारों ओर धुआं फैल गया। आग लगने का पता चलते ही स्टोर के कर्मचारी अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाने के लिए फायर हाइड्रेंट की भी मदद ली और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों को नियंत्रित किया।

मॉल का शेष हिस्सा और सैकड़ों लोग सुरक्षित

दमकल कर्मियों ने स्टोर के भीतर लगी आग को बुझाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया कि लपटें आसपास के हिस्सों और मॉल के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक न फैलें। समय रहते कार्रवाई होने से मॉल के शेष भवन को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। हालांकि, आग बुझने के बाद भी काफी देर तक स्टोर के भीतर धुएं का गुबार बना रहा।

जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय मॉल परिसर में सैकड़ों लोग खरीदारी कर रहे थे और इसी परिसर में बने थियेटर में भी बड़ी संख्या में दर्शक फिल्म देख रहे थे। यदि दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा न संभाला होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने से स्टोर के भीतर रखे सामान को नुकसान पहुंचा है, जबकि आग लगने के सही कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जाना अभी बाकी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News