Mandi News: मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल में एक सड़क दुर्घटना में गांव कुप्पड़ निवासी अंश गिल की मौत हो गई। वह लदरूहीं स्थित एक निजी कंपनी के स्टोर में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे। बुधवार को ड्यूटी के बाद घर लौटते समय उनकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई। गंभीर चोटों के कारण टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में गांव कुप्पड़ निवासी युवा अंश गिल (पुत्र सुखदेव गिल) की मृत्यु हो गई। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब उनके परिवार में दो दिन बाद ही नए मेहमान के आगमन की तैयारियां चल रही थीं।
ड्यूटी से घर लौटते समय अनियंत्रित हुई स्कूटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंश गिल लदरूहीं में एक निजी कंपनी के स्टोर पर डिलीवरी बॉय का काम करते थे। बुधवार को अपना रोजमर्रा का काम खत्म करने के बाद वह अपनी स्कूटी से अपने घर कुप्पड़ लौट रहे थे। इसी दौरान लदरूहीं मंदिर के पास अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में अंश को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
20 नवम्बर को तय थी पत्नी की डिलीवरी
मृतक के पिता सुखदेव गिल के अनुसार, उनकी बहू की डिलीवरी आगामी 20 नवम्बर को होनी तय है। पूरे परिवार में नए सदस्य के स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल था और सभी इस तारीख का इंतजार कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार होने से कुछ ही देर पहले अंश की अपनी गर्भवती पत्नी से फोन पर बात हुई थी और वह घर पर उनके लौटने का इंतजार कर रही थीं। संतान के जन्म से महज दो दिन पहले युवक की इस अकाल मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का भरण-पोषण करने वाले युवा बेटे के निधन से पूरे जोगिंद्रनगर क्षेत्र में शोक की लहर है।