Weather News: बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Cyclone Akvan) 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश तथा उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ लगातार उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे यह तूफान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। उस समय यह ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 710 किलोमीटर और पुरी से करीब 770 किलोमीटर दूर स्थित था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों पर दस्तक दे सकता है। तट पार करते समय इसकी अधिकतम निरंतर हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश व तेज हवाओं की चेतावनी
चक्रवात अक्वान के प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। 19 नवंबर की सुबह से ही आंध्र प्रदेश और यानम के तटीय क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो 20 नवंबर को तूफान के तट पार करने तक बढ़कर 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
वहीं, तटीय ओडिशा में 19 नवंबर की सुबह से 20 नवंबर की दोपहर तक 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों में गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान के दौरान समुद्र में खगोलीय ज्वार से 0.5 से 1.2 मीटर तक ऊंची लहरें उठने के कारण आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम तथा ओडिशा के गंजम, खुर्दा और पुरी जिलों के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा जताया गया है। मछुआरों को दक्षिण-पश्चिम, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के अप्रत्यक्ष प्रभाव से मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदलेगा:
- झारखंड और छत्तीसगढ़: दोनों राज्यों में 19 नवंबर को हल्की बारिश तथा 20 और 21 नवंबर को व्यापक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। झारखंड में 20 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- उत्तर प्रदेश और बिहार: दोनों राज्यों में 19 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में 21 और 22 नवंबर को हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी में 21 नवंबर को तेज हवाएं चल सकती हैं।
- पूर्वोत्तर भारत और द्वीप समूह: नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 19 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और 18 से 20 नवंबर के बीच 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट
दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश की चेतावनियों के बीच उत्तर भारत में कोहरे का असर बढ़ रहा है। आईएमडी ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 19 से 22 नवंबर के दौरान घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 19 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और सुबह हल्की धुंध या उथला कोहरा छा सकता है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि उसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। उत्तराखंड में 19 नवंबर को बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।