Chennai News: देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल टीवीएस ग्रुप में पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर पारिवारिक संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की है। इस मामले में उनकी मां मल्लिका भी बेटी के पक्ष में बताई जा रही हैं।
देश के प्रतिष्ठित कारोबारी घरानों में शुमार टीवीएस ग्रुप इन दिनों अपने पारिवारिक संपत्ति विवाद के कारण चर्चा में है। उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर परिवार की संपत्ति के विधिवत बंटवारे की मांग की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस विवाद में लक्ष्मी वेणु की मां मल्लिका श्रीनिवासन भी अपनी बेटी के साथ खड़ी हैं।
फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस परिवार की कुल अनुमानित संपत्ति करीब 7.2 बिलियन डॉलर (लगभग 68 हजार करोड़ रुपये) है, जबकि समूह की प्रमुख कंपनी टीवीएस मोटर का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) करीब 2 लाख करोड़ रुपये के आसपास है।
शेयर ट्रांसफर और वोटिंग अधिकारों से शुरू हुए मतभेद
परिवार के भीतर इस विवाद की जड़ें अप्रैल 2025 में हुई एक शेयरधारिता घोषणा से जुड़ी बताई जा रही हैं। 24 अप्रैल 2025 को वेणु श्रीनिवासन ने शेयर बाजार को सूचित किया था कि उन्होंने ‘टीवीएस होल्डिंग्स’ के 13,73,347 शेयर एक ट्रस्ट को हस्तांतरित (ट्रांसफर) किए हैं, जो कंपनी की कुल इक्विटी का 6.79 प्रतिशत है।
उल्लेखनीय है कि टीवीएस होल्डिंग्स की टीवीएस मोटर कंपनी में 50.26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में होल्डिंग कंपनी के शेयरों का ट्रस्ट में जाना टीवीएस मोटर के अप्रत्यक्ष स्वामित्व और वोटिंग अधिकारों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना गया। इसी प्रक्रिया के दौरान वेणु श्रीनिवासन के बेटे सुदर्शन वेणु को लाभार्थी स्वामी (बेनेफिशियल ऑनर) के रूप में दर्शाया गया। ‘द हिंदू’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्मी वेणु ने इस कदम पर परिवार से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने कानूनी नोटिस भेजने का रास्ता अपनाया।
1911 में हुई थी समूह की स्थापना, 2020 में हुआ था पारिवारिक समझौता
टीवीएस ग्रुप की नींव वर्ष 1911 में टी.वी. सुंदरम अयंगर ने रखी थी। शुरुआती दौर में यह एक बस परिवहन (ट्रांसपोर्ट) व्यवसाय के रूप में शुरू हुआ था और बाद में मोटर वाहनों की बिक्री, ऑटोमोबाइल डीलरशिप तथा विनिर्माण क्षेत्र में विस्तार करते हुए एक विशाल औद्योगिक समूह बन गया।
समूह के विस्तार के साथ इसका कारोबार टी.वी. सुंदरम अयंगर परिवार की चार प्रमुख शाखाओं—राजम परिवार, कृष्णा परिवार, श्रीनिवासन परिवार और संथानम परिवार—के बीच विभाजित रहा। दिसंबर 2020 में चारों शाखाओं के बीच एक पारिवारिक समझौता हुआ था, जिसमें यह तय किया गया था कि जो परिवार जिस व्यवसाय का संचालन कर रहा है, उसका स्वामित्व उसी के पास रहेगा।
इसी समझौते के अंतर्गत वेणु श्रीनिवासन और उनके परिवार के हिस्से में टीवीएस मोटर, टीवीएस क्रेडिट और सुंदरम क्लेटन जैसी प्रमुख कंपनियां आई थीं। अब लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता के हिस्से में आए इन व्यवसायों और संपत्ति का बंटवारा पिता, माता, भाई और स्वयं के बीच किए जाने की मांग उठाई है।