Kalinganagar News: स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली गैसों से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार करने के लिए टाटा स्टील ने अमेरिका की कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां ओडिशा के कलिंगनगर स्थित टाटा स्टील प्लांट में 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाली भारत की पहली ऐसी परियोजना शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।
स्टील निर्माण प्रक्रिया के दौरान उत्सर्जित होने वाली गैसों का उपयोग अब स्वच्छ हाइड्रोजन बनाने में किया जाएगा। टाटा स्टील ने इस दिशा में पहल करते हुए अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित कंपनी ‘यूटिलिटी ग्लोबल’ के साथ हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियां ओडिशा के कलिंगनगर स्थित टाटा स्टील संयंत्र में देश की पहली ऐसी परियोजना स्थापित करने जा रही हैं, जिसमें स्टील प्लांट की गैसों से उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा।
10 टन प्रतिदिन होगी परियोजना की प्रस्तावित क्षमता
इस परियोजना की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 10 टन प्रतिदिन (टीपीडी) होगी, जिसके लिए यूटिलिटी ग्लोबल की स्वामित्व वाली ‘एच-2जेन’ (H2Gen) तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
फिलहाल दोनों कंपनियां परियोजना की व्यवहार्यता और तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (एफईईडी) अध्ययन करेंगी। इसके पश्चात टाटा स्टील का निदेशक मंडल अंतिम निवेश निर्णय (एफआईडी) लेगा। बोर्ड की स्वीकृति मिलने के बाद संयंत्र की स्थापना और परिचालन शुरू किया जाएगा।
कैसे काम करती है एच-2जेन तकनीक?
यूटिलिटी ग्लोबल की एच-2जेन तकनीक एक इलेक्ट्रो-केमिकल प्रक्रिया पर आधारित है। इसके माध्यम से स्टील संयंत्र से निकलने वाली कार्बन मोनो-ऑक्साइड (सीओ) युक्त ऑफ-गैसों का उपयोग कर उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाता है। कंपनी इससे पहले कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस के माध्यम से इस तकनीक का सफल प्रदर्शन कर चुकी है।
कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में अहम कदम
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय ने कहा कि स्टील उद्योग में कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए ऐसी तकनीकों की आवश्यकता है, जो बड़े पैमाने पर और मौजूदा औद्योगिक संयंत्रों की परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि एच-2जेन जैसी तकनीक मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए उत्सर्जन कम करने का अवसर देती है और यह साझेदारी कंपनी के परिचालन को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य
टाटा स्टील ने वर्ष 2045 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन हासिल करने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत कंपनी लगातार कम कार्बन वाली स्टील उत्पादन तकनीकों पर काम कर रही है। इससे पहले कंपनी अपने ब्लास्ट फर्नेस में कोल बेड मीथेन, हाइड्रोजन और बायोचार इंजेक्शन का परीक्षण कर चुकी है।
इसके अतिरिक्त, वर्ष 2021 में जमशेदपुर प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस गैस से कार्बन डाइ-ऑक्साइड अलग करने वाला भारत का पहला संयंत्र शुरू किया गया था, जबकि इसी वर्ष सितंबर में मेरामंडली प्लांट में कोक ओवन गैस इंजेक्शन परियोजना चालू की गई। अब कलिंगनगर में शुरू होने वाली यह पहल कंपनी की हरित स्टील उत्पादन रणनीति का अगला प्रमुख चरण मानी जा रही है।
समझौते के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन, प्रिंसिपल एक्जीक्यूटिव ऑफिसर देवाशीष चौधरी, वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, आरएंडडी एनएमबी एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय और वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी, हेल्थ और सस्टेनेबिलिटी) राजीव मंगल उपस्थित थे। वहीं, यूटिलिटी ग्लोबल की ओर से सीईओ पार्कर मीक्स, सीएफओ रॉबर्ट लेन, सीओओ व्लादिमीर नोवाक, डायरेक्टर (प्रोजेक्ट डेवलपमेंट) धवल पटेल, प्रिंसिपल प्रोजेक्ट इंजीनियर विशाल शास्त्री और वाइस प्रेसिडेंट (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप्स) फिलिप सोन शामिल हुए।