Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के विकासनगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन से बिजली की तारें चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दो अन्य को कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया गया है। चोरी की गई सभी तारें शत-प्रतिशत बरामद कर ली गई हैं।
12 नवंबर को दर्ज की गई थी एफआईआर
पुलिस के अनुसार, विकासनगर के निचले अंजी में स्थित एक निर्माणाधीन भवन से बिजली की तारें चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता पूनम के बयानों के आधार पर छोटा शिमला पुलिस थाना में 12 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और संदिग्धों की धरपकड़ की।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो को मिला नोटिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। इनमें से दो आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, अन्य दो आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति से जुड़े अपराधों पर रोक लगाने और मामलों की त्वरित जांच के लिए भविष्य में भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।