छठ महापर्व पर मौसम रहेगा अनुकूल: भागलपुर में 15 और 16 नवंबर को बारिश के आसार नहीं, जानें दोनों अर्घ्य का समय

Share

- Advertisement -

Bhagalpur News: लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान इस बार मौसम श्रद्धालुओं की आस्था के पूरी तरह अनुकूल रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), भागलपुर केंद्र के अनुसार, 15 और 16 नवंबर को सुबह के समय हल्की धुंध रहने के बाद आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। भागलपुर में 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के लिए सूर्यास्त का समय शाम 4:54 बजे और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सूर्योदय का समय सुबह 6:00 बजे निर्धारित है।

भागलपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर के अनुसार, छठ के दोनों प्रमुख अर्घ्य के समय मौसम व्रतियों का पूरा साथ देगा। गंगा की लहरों के बीच जब श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, तब आसमान साफ और मौसम सुहाना बना रहेगा।

संध्या अर्घ्य पर रहेगा साफ आसमान, शाम को गुलाबी ठंडक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 नवंबर की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते समय मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस होगी, जबकि शाम ढलने के बाद मौसम में गुलाबी ठंडक का अहसास होगा।

सुबह के अर्घ्य में हल्की धुंध, दृश्यता में बाधा के संकेत नहीं

16 नवंबर की भोर में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय गंगा घाटों और नदी के आसपास हल्की धुंध की चादर दिखाई दे सकती है। नवंबर के मध्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह की हवा में हल्की ठंडक बनी रहेगी। हालांकि, धुंध छंटने के बाद आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घने कोहरे या दृश्यता में किसी बड़ी बाधा के कोई संकेत नहीं हैं।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव का नहीं होगा असर

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिसके धीरे-धीरे संगठित होकर अवदाब और आगे चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इसके संभावित मार्ग और भागलपुर से काफी दूर मध्य बंगाल की खाड़ी में विकसित होने के संकेतों को देखते हुए पूर्वी बिहार में बारिश की कोई उल्लेखनीय गतिविधि अनुमानित नहीं है।

मौसम विज्ञानी अनुपम नाहर ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक भागलपुर में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पूर्वी भारत के निचले वायुमंडल में होने वाले बदलावों पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन फिलहाल छठ के दौरान बारिश या चक्रवात के प्रत्यक्ष प्रभाव की कोई आशंका नहीं है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News