मोतिहारी में ट्रेन में सीट नहीं मिलने पर सप्तक्रांति एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़ा युवक, आरपीएफ ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद नीचे उतारा

Share

- Advertisement -

Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया स्टेशन पर ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज एक युवक सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन पर चढ़कर बैठ गया। इस घटना से स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने करीब 20 मिनट की समझाइश और मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के चकिया रेलवे स्टेशन पर एक युवक द्वारा ट्रेन के इंजन पर चढ़ जाने से रेलवे प्रशासन और यात्रियों में हड़कंप मच गया। मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस जब चकिया स्टेशन पहुंची, तो ट्रेन में सीट नहीं मिलने पर युवक सीधे इंजन के ऊपर चढ़कर बैठ गया।

युवक को इंजन पर बैठा देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी हैरान रह गए। मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना चकिया रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी।

आरपीएफ ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा

सूचना मिलते ही चकिया आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और इंजन के ऊपर बैठे युवक को नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। जवानों ने युवक को काफी देर तक समझाया और सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाया। हालांकि, युवक शुरू में नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रहा था। करीब 20 मिनट तक लगातार समझाइश के बाद आरपीएफ के जवान युवक को इंजन से नीचे उतारने में सफल रहे, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

आरपीएफ कर रही पूछताछ, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इंजन से नीचे उतारने के बाद आरपीएफ की टीम युवक से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रेन में सीट न मिलना ही इस हरकत की वजह बताई जा रही है, हालांकि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक जानकारी विस्तृत पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रेलवे इंजन के ऊपर चढ़ना जानलेवा हो सकता था और इससे बड़ा हादसा होने की आशंका थी। फिलहाल इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Read more

Related News