East Champaran News: लोक आस्था के महापर्व ‘छठ’ पर घर लौटने के लिए ट्रेनों में टिकट न मिलने से निराश एक प्रवासी युवक ने मिसाल पेश की है। पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़हिया बाजार स्थित सिरौली गांव निवासी छोटू ने दिल्ली से अपने गांव तक की 1,035 किलोमीटर लंबी दूरी पैदल ही तय की। अकेली मां के छठ व्रत में दउरा उठाने और उनकी मदद करने के संकल्प के साथ छोटू 11 दिनों के कठिन सफर के बाद अपने घर पहुंच गया।
दिल्ली में टाइल्स लगाने और मजदूरी का काम करने वाले छोटू की मां मीना देवी वर्षों से छठ का कठिन व्रत करती आ रही हैं। इस वर्ष जब छठ महापर्व नजदीक आया, तो छोटू ने घर लौटने के लिए ट्रेनों में टिकट की तलाश की, लेकिन लंबी वेटिंग और बसों की भारी भीड़ के कारण उसे कहीं जगह नहीं मिली। निजी वाहनों के अधिक किराए के चलते भी उसके लिए घर लौटना कठिन हो गया था।
मां की अकेली स्थिति देख लिया पैदल चलने का फैसला
टिकट न मिलने के बावजूद छोटू इस बात से चिंतित था कि घर पर उसकी मां मीना देवी अकेली हैं और छठ पूजा के दौरान घाट तक दउरा (पूजा की टोकरी) ले जाने के लिए कोई साथ नहीं है। इसी चिंता और छठी मइया के प्रति आस्था के चलते उसने बिना किसी विशेष संसाधन के दिल्ली से बिहार तक पैदल ही जाने का निर्णय लिया।
हाथ में तिरंगा और पीठ पर बैनर लेकर की 11 दिनों की यात्रा
अपनी यात्रा के उद्देश्य को स्पष्ट रखने के लिए छोटू ने एक हाथ में तिरंगा झंडा थाम लिया और पीठ पर एक बैनर टांगकर दिल्ली से अपनी पदयात्रा शुरू की। वह दिनभर धूप और धूल के बीच पैदल चलता था और रात होने पर किसी सार्वजनिक स्थल या खुले आसमान के नीचे विश्राम करता था। सुबह होते ही वह फिर अपने गांव की ओर कदम बढ़ा देता था।
इस 11 दिनों की लंबी यात्रा के दौरान रास्ते में कई लोगों ने छोटू के जज्बे की सराहना की और फूल-मालाओं से उसका सम्मान भी किया। सफर के दौरान कई वाहन चालकों ने मदद करते हुए उसे लगभग 100 किलोमीटर तक लिफ्ट भी दी, जिससे उसका रास्ता कुछ आसान हुआ। आखिरकार 11 दिनों की यात्रा पूरी कर जब छोटू अपने गांव सिरौली पहुंचा, तो परिवार और ग्रामीणों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।