सोनिया गांधी पर कंगना रनौत की टिप्पणी को नरेश चौहान ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, पीटरहॉफ और लीज के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

Share

- Advertisement -

Shimla News: मंडी की सांसद कंगना रनौत द्वारा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कंगना के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश की सरकारी संपत्तियों को पीपीपी मोड पर देने के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा से अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब मांगा है।

नरेश चौहान ने आरोप लगाया कि सांसद बनने के बाद से कंगना रनौत लगातार विवादों में रही हैं और प्रदेश में आई आपदा के दौरान भी उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल प्रचार और लोकप्रियता के लिए उन्हें राजनीति में उतारा, जिसका असर हिमाचल प्रदेश की छवि पर पड़ रहा है। सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों पर गंभीरता से चर्चा करने की जरूरत नहीं है।

भाजपा नेतृत्व से सवाल पूछते हुए नरेश चौहान ने कहा, “कंगना रनौत की ये टिप्पणियां उनकी मानसिकता को दिखाती हैं। भाजपा को खुद इस बात का जवाब देना चाहिए कि मंडी से पार्टी के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर उन्हें उम्मीदवार बनाने का फैसला क्यों लिया गया?”

सोनिया गांधी के जीवन संघर्ष और आत्मकथा का किया उल्लेख

सोनिया गांधी की आत्मकथा का संदर्भ देते हुए सीएम के प्रधान मीडिया सलाहकार ने कहा कि इसे केवल राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय उनके करीब 60 सालों के जीवन संघर्ष को समझा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को पुस्तक की आधिकारिक लॉन्चिंग होनी है, लेकिन उससे पहले ही इसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुस्तक में एक ऐसी 21-22 वर्षीय युवती की जीवन यात्रा का वर्णन है, जो विदेश से भारत आई और यहां की संस्कृति व परिवार में खुद को ढालते हुए आगे बढ़ी।

नरेश चौहान ने कहा, “इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खोने के बाद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में परिवार और पार्टी की जिम्मेदारी संभाली। साल 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने का उनका फैसला भी उनके बड़े त्यागों में शामिल है। सोनिया गांधी ने देश और पार्टी को प्राथमिकता देते हुए स्वयं को पीछे रखा, इसलिए उनके जीवन संघर्ष और योगदान को समझने की जरूरत है।”

पीटरहॉफ विवाद और पूर्व सरकार के फैसलों पर पलटवार

प्रदेश की संपत्तियों को पीपीपी मोड पर बेचने और शिमला स्थित पीटरहॉफ को लीज पर देने के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीटरहॉफ को बेचने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार का उद्देश्य इस महत्वपूर्ण पर्यटन संपत्ति को बेहतर सुविधाओं और एक बड़े हॉल के साथ आधुनिक होटल के रूप में विकसित करना है, क्योंकि वर्तमान में इसकी स्थिति बेहतर नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए चौहान ने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की हजारों बीघा जमीन कौड़ियों के भाव लीज पर दी गई और कई बिजली परियोजनाओं को कम रॉयल्टी की शर्तों पर आवंटित किया गया। उन्होंने कहा कि जल संसाधन और बिजली हिमाचल की सबसे बड़ी ताकत हैं, जिनका उपयोग राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी कि वर्तमान सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय भाजपा को अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News