New Delhi News: भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने ई20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों पर अपना रुख स्पष्ट किया है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए ई20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत के मानक के भीतर पाई गई है।
कंपनी के अनुसार, तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी (सीएचटी) के समन्वय से यह राष्ट्रव्यापी गुणवत्ता निगरानी जांच की थी। इस अभियान के तहत बीपीसीएल ने स्वयं 280 नमूनों का परीक्षण किया और सभी नमूने पूरी तरह मानकों पर खरे उतरे।
कर्नाटक के पेट्रोल पंप की वायरल तस्वीर पर दी सफाई
बीपीसीएल का यह स्पष्टीकरण कर्नाटक में कंपनी के एक पेट्रोल पंप पर आयोजित उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किए गए एथेनॉल पृथक्करण परीक्षण की एक तस्वीर वायरल होने के बाद आया है। इस तस्वीर को लेकर ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे थे।
कंपनी ने परीक्षण की वैज्ञानिक प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि जांच के दौरान 100 मिलीलीटर ई20 पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है, जिससे एथेनॉल और पेट्रोल की परतें अलग-अलग होती हैं। शुरुआत में इस मिश्रण का धुंधला या दूधिया दिखाई देना एक सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है।
परीक्षण पूरा होने से पहले साझा की गई थी तस्वीर
बीपीसीएल ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही साझा कर दी गई थी। इस कारण उसमें अंतिम परिणाम के बजाय जांच का शुरुआती चरण दिखाई दे रहा था। बाद में गलतफहमी फैलने की आशंका के चलते संबंधित अधिकारी ने वह पोस्ट हटा दी थी। कंपनी ने पुष्टि की है कि अंतिम जांच में वह नमूना भी पूरी तरह निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।
बीपीसीएल ने दोहराया कि उसके पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ई20 ईंधन की गुणवत्ता की निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के ‘आइएस 17021’ मानकों के अनुसार सख्ती से की जाती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से ईंधन की गुणवत्ता को लेकर किसी भी भ्रम में न पड़ने और केवल प्रमाणित जांच प्रक्रियाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।