Barh News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बख्तियारपुर में छठ महापर्व के नहाय-खाय पर गंगा स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर शुक्रवार सुबह एक पागल कुत्ते ने हमला कर दिया। इस घटना में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बख्तियारपुर अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) समाप्त होने के कारण घायलों को फिलहाल केवल टिटनेस का इंजेक्शन दिया गया।
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बख्तियारपुर में छठ महापर्व के नहाय-खाय के अवसर पर शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शी और घायल पप्पू कुमार के अनुसार, स्टेशन रोड से सीढ़ी घाट तक एक पागल कुत्ते ने रास्ते से गुजर रहे लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें 40 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में स्थानीय निवासियों के अलावा पड़ोसी नालंदा जिले से गंगा स्नान करने आए श्रद्धालु भी शामिल हैं।
स्टेशन रोड से सीढ़ी घाट तक मची अफरा-तफरी
पप्पू कुमार ने बताया कि शुक्रवार तड़के जब श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाट की ओर जा रहे थे, तभी कुत्ते ने अचानक लोगों को काटना शुरू कर दिया। इस हमले में तेरा (नालंदा) निवासी संतोष पासवान, बख्तियारपुर के संतोष कुमार, रवाईच निवासी बैजनाथ राय और रानीसराय के राजवीर कुमार सहित कई अन्य श्रद्धालु जख्मी हो गए। अचानक हुए इस हमले से घाट जाने वाले मार्ग पर दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में रेबीज वैक्सीन खत्म, लगाया गया टिटनेस का इंजेक्शन
घटना के बाद सुबह करीब छह बजे से ही घायल श्रद्धालुओं का बख्तियारपुर अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है।
डॉ. विनय कुमार ने जानकारी दी कि अस्पताल में एक दिन पहले ही एंटी-रेबीज वैक्सीन (एआरवी) समाप्त हो गई थी, जिसके चलते घायलों को तत्काल टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पटना से रेबीज वैक्सीन मंगाई गई है और अगले दो से तीन घंटे के भीतर इसके अस्पताल पहुंचने की संभावना है। वैक्सीन उपलब्ध होते ही सभी प्रभावित मरीजों को रेबीज का इंजेक्शन लगाया जाएगा।