Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में गगरेट के संघनेई गांव में मां की ममता का भावुक कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां रात में एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने गर्भवती कुतिया को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बेजुबान ने खुद अपने 6 पिल्लों को जन्म देकर दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घायल बेजुबान ने बच्चों को दिया जन्म
दर्द से तड़प रही बेसहारा कुतिया ने अंतिम सांसें लेते हुए खुद अपना पेट फाड़कर 6 नवजात पिल्लों को जन्म दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के प्रधान मुनीष ठाकुर, आकाश कुमार और शम्मी सिंह मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक बेजुबान दम तोड़ चुकी थी।
घटना के बाद संघनेई के निवासी विनोद कुमार ने सभी छह पिल्लों की देखरेख का जिम्मा अपने ऊपर लिया है। वे इन बच्चों को अपने घर ले गए हैं और खुद दूध पिलाकर संभाल रहे हैं। वहीं मौके पर उपस्थित सुनील चौधरी, कर्ण राणा, रीटा रानी, सुनैना देवी और तनीषा बेजुबान मां की इस ममता को देखकर काफी हैरान रह गए।
समाजसेवियों ने वाहन चालकों से की सावधानी की अपील
क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने आम लोगों और वाहन चालकों से गाड़ियां धीमी और सावधानीपूर्वक चलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि चालकों को ध्यान रखना चाहिए ताकि कोई बच्चा अपनी मां से दूर न हो। पिछले 12 सालों से बेसहारा पशुओं की सेवा कर रहे क्लब सदस्य शम्मी सिंह ने भी इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख जताया।