Shimla News: हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ सोनिया गांधी पर दिए गए एक बयान को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शिमला निवासी कैप्टन अतुल शर्मा ने दर्ज करवाई है, जिसमें कंगना रनौत के सोशल मीडिया पोस्ट और बयानों को भड़काऊ तथा भ्रामक बताते हुए आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
सोनिया गांधी की किताब से जुड़ा है पूरा मामला
शिकायतकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत ने सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावों के आधार पर विवादित और भड़काऊ बयान दिए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सांसद ने राजीव गांधी और संजय गांधी को लेकर भ्रामक पोस्ट साझा की हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि भारतीय संविधान नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार देता है, लेकिन किसी को भी बिना तथ्यात्मक पुष्टि के भड़काऊ दावे करने की छूट नहीं है। इस मामले में साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग भी की गई है ताकि पोस्ट की सत्यता और उसके प्रभाव का आकलन किया जा सके।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग
कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बीएनएस की धारा-196, 197, 353 और धारा 173 के तहत आपराधिक मामला दर्ज करने का आग्रह किया है। हालांकि, फिलहाल इस शिकायत पर पुलिस की ओर से कोई औपचारिक केस दर्ज नहीं किया गया है, और मामला अभी शुरुआती जांच के दायरे में है।
क्या था कंगना रनौत का बयान?
विवाद की शुरुआत कंगना रनौत द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें यह समझ नहीं आता कि एक रहस्यमयी महिला की गांधी परिवार में एंट्री होती है और उसके बाद इंदिरा गांधी व राजीव गांधी की मौत हो जाती है। इस प्रकार के बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं और अब इस मामले ने कानूनी मोड़ ले लिया है।