Lucknow News: आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन की औपचारिक घोषणा की। ओवैसी ने चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। इससे पहले बागपत के टीकरी में चंद्रशेखर ने आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी पर तीखा हमला बोला है। बागपत के टीकरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जयंत चौधरी ने थोड़ी समझदारी दिखाई होती और भाजपा के विरोध में रहे होते, तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का सूपड़ा साफ हो जाता। उल्लेखनीय है कि आरएलडी वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वह भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हो गई थी।
चंद्रशेखर आजाद ने आगामी विधानसभा चुनावों की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी मुस्लिम समुदाय के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। इसके साथ ही उन्होंने गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग भी की। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद राज्य में पंचायत चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं।
लखनऊ में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का ऐलान, चंद्रशेखर बने सीएम उम्मीदवार
बागपत के बाद लखनऊ में एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त रूप से ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन का औपचारिक ऐलान किया। इस दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकना है।
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि वे भविष्य में कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं इस मोर्चे की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
विपक्षी दलों पर पलटवार और कांशीराम के सिद्धांतों का उल्लेख
खुद को भाजपा की ‘बी’ टीम बताए जाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जो लोग शीशे के घरों में रहते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भाजपा को रोकने के लिए सपा और कांग्रेस इस मोर्चे में शामिल होना चाहती हैं, तो गठबंधन उनका साथ देने को तैयार है।
कांशीराम का उल्लेख करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि 2014 और 2019 के लोकसभा तथा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने के नाम पर वोट लिए गए, लेकिन भाजपा और मजबूत हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार के करीब साढ़े नौ साल के कार्यकाल में दलित बस्तियों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा है तथा अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
आजम खान और 1992 की घटनाओं का जिक्र
संबोधन के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल सिंह यादव की जेल में मोहम्मद आजम खान से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि जनता राजनीतिक दलों की मंशा पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने लगातार आजम खान के पक्ष में आवाज उठाई है। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि जेल में बंद दलित और वंचित वर्ग के लोगों के लिए अन्य नेता आवाज क्यों नहीं उठाते।
ओवैसी ने 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान हजारों लोग विस्थापित हुए और कई महिलाओं को हिंसा का सामना करना पड़ा। उन्होंने सात महिलाओं द्वारा दर्ज कराए गए मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उन पर शिकायतें वापस लेने का दबाव बनाया गया और दोषसिद्धि होने के बावजूद एक पीड़ित महिला को पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी गई।