छठ महापर्व को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, घाटों पर तीन फीट पानी के बाद होगी बैरिकेडिंग; एनडीआरएफ-एसडीआरएफ रहेंगी तैनात

Share

- Advertisement -

Ranchi News: छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने घाटों पर पानी की तीन फीट गहराई के बाद बैरिकेडिंग करने और संवेदनशील स्थानों पर एनडीआरएफ (NDRF) तथा एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तैनात करने का निर्देश दिया है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी सुरक्षात्मक उपाय समय पर पूरे किए जाएं। साथ ही, खतरनाक और गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां चेतावनी संकेतक लगाने को कहा गया है।

गोताखोरों के नंबर होंगे साझा, एप्रोच रोड को बनाया जाएगा सुगम

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अत्यंत संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती के साथ-साथ आवश्यकतानुसार गोताखोरों, बचाव दल और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त, घाटों तक पहुंचने वाले एप्रोच रोड पर डस्ट डालकर उन्हें समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवागमन में कोई परेशानी न हो। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, सुरक्षित बिजली व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित करने पर विशेष जोर दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने इन प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण

उपायुक्त ने शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इनमें हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाट शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान विभिन्न पूजा समितियों ने उपायुक्त और उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी और गणमान्य रहे मौजूद

इस निरीक्षण अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह मौजूद रहे। इनके अलावा पथ निर्माण, विद्युत एवं नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव और सागर कुमार, संबंधित वार्डों के पार्षद तथा छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष व सचिव भी उपस्थित थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News