Dhanbad News: फैटी लिवर और पेट के आसपास जमा चर्बी से लोगों में डायबिटीज होने की आशंका काफी बढ़ जाती है। जाने-माने मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके सिंह ने बताया कि पेट की चर्बी पैंक्रियाज को प्रभावित कर इंसुलिन की कार्यक्षमता को बाधित करती है। उन्होंने डायबिटीज के आधुनिक उपचार, मेटाबॉलिक सुरक्षा और 18 से 20 दिसंबर तक ऋषिकेश में होने वाले ‘विजडम 2026’ सम्मेलन की भी जानकारी दी।
फैटी लिवर की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों में मधुमेह (डायबिटीज) विकसित होने का जोखिम सामान्य लोगों की तुलना में काफी अधिक होता है। पेट के आसपास जमा होने वाली अतिरिक्त चर्बी धीरे-धीरे पैंक्रियाज (अग्नाशय) तक पहुंचकर इंसुलिन उत्पादन और उसकी कार्यप्रणाली को गंभीर रूप से प्रभावित करती है। इसलिए मोटापा और बढ़ती तोंद को नजरअंदाज न कर तुरंत सतर्क होना जरूरी है।
यह बातें रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (RSSDI) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, डायबिटीज एंड हार्ट रिसर्च सेंटर (डीएचआरसी) के निदेशक और सीएमई इंडिया के संस्थापक वरिष्ठ मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके सिंह ने कहीं। वे बुधवार को धनबाद के रांगाटांड़ स्थित डीएचआरसी कार्यालय में धनबाद एक्शन ग्रुप, डीएचआरसी और ‘ग्रीन टी विद सीएमई इंडिया’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
ब्लड शुगर नियंत्रण से आगे संपूर्ण मेटाबॉलिक सुरक्षा पर फोकस
डॉ. एनके सिंह ने मधुमेह चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में आ रहे आधुनिक बदलावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डायबिटीज का वर्तमान उपचार अब केवल ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य हृदय, गुर्दे (किडनी), मोटापा प्रबंधन और मरीज के संपूर्ण मेटाबॉलिक स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है।
इसके लिए आधुनिक चिकित्सा पद्धति में जीएलपी-1 (GLP-1) रिसेप्टर एगोनिस्ट्स, एसजीएलटी-2 (SGLT-2) इनहिबिटर्स और कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों और दवाओं का प्रयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर हो रही है।
भ्रांतियों को दूर करने के लिए डिजिटल अभियान
डॉ. सिंह ने बताया कि ‘ग्रीन टी विद सीएमई इंडिया’ यूट्यूब अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को सरल हिंदी भाषा में प्रमाणित वैज्ञानिक जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका उद्देश्य खानपान, जीवनशैली और बीमारियों से जुड़े विभिन्न सामाजिक भ्रमों व मिथकों को दूर करना है ताकि लोग समय रहते सही चिकित्सीय परामर्श ले सकें।
ऋषिकेश में 18 से 20 दिसंबर तक ‘विजडम 2026’ का आयोजन
प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. सिंह ने आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक ऋषिकेश में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजडम 2026’ की जानकारी दी। डॉ. सिंह इस प्रतिष्ठित सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मंच पर पहली बार आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के साथ योग, ध्यान, अध्यात्म और भारतीय ज्ञान परंपरा को समन्वित कर शरीर व मन के समग्र स्वास्थ्य पर विस्तृत वैज्ञानिक चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति समाज के नजरिए में सकारात्मक बदलाव लाना है। धनबाद की पहचान सिर्फ कोयला नगरी तक सीमित न रहे, बल्कि यह चिकित्सा अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में उभरे। इस प्रेसवार्ता में डीएचआरसी की डॉ. लीना सिंह और धनबाद एक्शन ग्रुप के सचिव धीरज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।