Ranchi News: छठ महापर्व के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने रांची से पटना, गया और मुजफ्फरपुर के लिए स्पेशल बसों का संचालन शुरू किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की संख्या पांच से बढ़ाकर सात कर दी गई है, जिससे घर लौटने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है।
रांची के सरकारी बस स्टैंड से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए संचालित इन बसों के माध्यम से त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों का सफर आसान हो गया है। बस चालक नितेश राय ने बताया कि सामान्य दिनों में रांची के सरकारी बस स्टैंड से बिहार के लिए पांच बसें चलती थीं, लेकिन छठ पूजा की भीड़ को देखते हुए इस बार दो अतिरिक्त बसें बढ़ाई गई हैं। अब कुल सात बसों का संचालन किया जा रहा है।
रांची से पटना के लिए रात 9 बजे से रवाना हो रहीं बसें
रांची से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए रात नौ बजे से तीन बसें बारी-बारी से रवाना होती हैं। इस बेड़े में एक स्लीपर और दो एसी सीटर बसें शामिल हैं। ये बसें सुबह करीब पांच बजे यात्रियों को पटना के गांधी मैदान पहुंचाती हैं। रांची से पटना तक का किराया 700 रुपये निर्धारित किया गया है।
निर्धारित किराए से यात्रियों को राहत, मनमानी वसूली पर रोक
बिहार सरकार द्वारा संचालित इन बसों की सबसे बड़ी विशेषता इनका तय किराया है। त्योहार के समय निजी वाहनों और बसों में मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें आम होती हैं, लेकिन सरकारी बसों में निर्धारित शुल्क होने से यात्रियों को आर्थिक राहत मिल रही है। ट्रेनों में सीट उपलब्ध न होने और हवाई किराए में भारी बढ़ोतरी के कारण बड़ी संख्या में लोग इन बसों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यात्री यागेंद्र सिंह ने बताया कि छठ के दौरान पटना के लिए ट्रेन में कन्फर्म टिकट मिलना बेहद कठिन हो गया है और विमान का किराया काफी अधिक है। ऐसे में बिहार सरकार द्वारा अतिरिक्त बसों का संचालन एक सराहनीय कदम है। वहीं, एक अन्य यात्री विजय कुमार ने कहा कि वह पहली बार बस से पटना जा रहे हैं और बसों की संख्या बढ़ने से त्योहार पर घर आने-जाने में यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है।