आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के नए आवास का गृह प्रवेश, कहा- यहीं रहेगा हमारा स्थायी राजनीतिक मुख्यालय

Share

- Advertisement -

Hisar News: हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य राज्यों से हजारों समर्थक और कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर को ही अपना स्थायी राजनीतिक मुख्यालय बनाए रखने और भविष्य में एक बड़ी रैली करने का ऐलान किया।

आदमपुर की राजनीति में बिश्नोई परिवार ने इस आयोजन के जरिए अपनी सक्रियता और मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। राजस्थान की पारंपरिक हवेली की तर्ज पर बने इस छह मंजिला आवास के गृह प्रवेश समारोह में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सियासी संदेश भी दिए गए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, पूर्व मंत्री संपत सिंह, कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, नलवा विधायक रणधीर पनिहार और पूर्व विधायक दूड़ाराम सहित कई नेता पहुंचे। इस अवसर पर विधायक रणधीर पनिहार की ओर से कुलदीप बिश्नोई को एक गाड़ी भी भेंट की गई।

आदमपुर छोड़कर जाने की अटकलों पर विराम: कुलदीप बिश्नोई

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि पिछले 56 वर्षों से यह बातें सुनी जा रही हैं कि बिश्नोई परिवार आदमपुर छोड़कर चला जाएगा, लेकिन वे भागने वालों में से नहीं बल्कि डटकर मुकाबला करने वालों में से हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदमपुर ही उनका राजनीतिक मुख्यालय रहेगा। उन्होंने हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान और अन्य राज्यों से पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले समय में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी।

भजनलाल की विरासत और जनता से जुड़ाव का संकल्प

पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा कि आदमपुर उनका घर है और यहां की जनता के साथ परिवार का भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि 36 बिरादरी के लोगों का उन्हें लगातार प्यार और समर्थन मिलता रहा है, और वे चौधरी भजनलाल के पदचिह्नों पर चलते हुए क्षेत्र की सेवा और विकास की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

वहीं, पूर्व विधायक रेणुका बिश्नोई ने कहा कि भव्य बिश्नोई ने अपने विधायक कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य करवाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि कुलदीप बिश्नोई, भव्य बिश्नोई और वे स्वयं लगातार आदमपुर आते रहेंगे तथा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

राजस्थानी हवेली शैली में बना है छह मंजिला आवास

समारोह के दौरान गृह प्रवेश की धार्मिक रस्में विधि-विधान से संपन्न हुईं। आईएएस परी बिश्नोई ने बिश्नोई समाज की परंपरा के अनुसार पाहल ग्रहण की और पति भव्य बिश्नोई के साथ कलश लेकर नए आवास में प्रवेश किया। इसके बाद हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना की गई। पूरे कार्यक्रम में पीले रंग की विशेष थीम देखने को मिली।

कुलदीप बिश्नोई का यह नया आवास राजस्थान की पारंपरिक हवेलियों की तर्ज पर छह मंजिला बनाया गया है, जिसमें कुल 12 कमरे हैं। इमारत की बाहरी दीवारों पर राजस्थान के धौलपुर का प्रसिद्ध पत्थर लगाया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार पर पीतल के गोल स्टड से सजे शीशम की लकड़ी के विशाल दरवाजे लगाए गए हैं। भवन में नक्काशीदार खंभे और बालकनियां बनाई गई हैं। इसके ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय और सबसे ऊपरी मंजिल पर आधुनिक जिम की व्यवस्था की गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News