जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से दो एसपीओ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी

Share

- Advertisement -

Kishtwar News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सुदूर पहाड़ी इलाके दच्छन-मरवाह से विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात दो विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। दोनों जवान राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप में ड्यूटी रिपोर्ट करने नहीं पहुंचे। सुरक्षाबलों ने आतंकी प्रभाव वाले इस दुर्गम इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के सुदूर और दुर्गम पर्वतीय इलाके से बुधवार को स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) में तैनात दो विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। दोनों जवान ड्यूटी रोटेशन के तहत सेना के कैंप के लिए निकले थे, लेकिन निर्धारित समय पर वहां नहीं पहुंचे। घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सघन खोजबीन शुरू कर दी है।

ड्यूटी कैंप नहीं पहुंचे दोनों जवान

लापता जवानों की पहचान किश्तवाड़ जिले के कियार दच्चन निवासी 45 वर्षीय रशपाल कुमार (बेल्ट नंबर 65) और 57 वर्षीय बाबी चंद (बेल्ट नंबर 920) के रूप में की गई है। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, दोनों एसपीओ की तैनाती ड्यूटी रोटेशन के आधार पर 17 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के टीओबी कैंप धरना (सेक्टर मरवाह) में की गई थी। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब दोनों जवान कैंप नहीं पहुंचे, तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

संवेदनशील क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि दोनों एसपीओ सुदूर दच्छन-मरवाह क्षेत्र से लापता हुए हैं। जिस इलाके से दोनों जवान लापता हुए हैं, वह आतंकवाद प्रभावित और भौगोलिक दृष्टि से बेहद दुर्गम माना जाता है। लापता जवानों की तलाश के लिए सेना और पुलिस के संयुक्त दलों ने पूरे वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में बड़ा तलाशी अभियान छेड़ा है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर पुलिस ने अभी इस मामले में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है।

गांदरबल में आतंकियों की तलाश, कुलगाम में हुआ था हमला

घाटी में सुरक्षा के हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। श्रीनगर से सटे गांदरबल इलाके में बुधवार देर रात आतंकियों के एक समूह की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। कई संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी की गई, लेकिन देर रात तक किसी आतंकी के पकड़े जाने की पुष्टि नहीं हुई थी।

उल्लेखनीय है कि यह घटनाक्रम कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद सामने आया है, जहां बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक सुरक्षा नाके पर अंधाधुंध गोलीबारी कर तीन जवानों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News