अंडमान सहकारी बैंक घोटाला: ईडी ने 121 करोड़ की 40 संपत्तियां कीं कुर्क, दो सेमी-सबमरीन जहाज भी शामिल

Share

- Advertisement -

Port Blair News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंडमान एवं निकोबार में लगभग 500 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने 121.35 करोड़ रुपये की 40 संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं, जिनमें क्रोएशिया से आयातित दो पर्यटक जहाज, एक होटल और जमीनें शामिल हैं। इस मामले में पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा समेत 52 आरोपी हैं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में सामने आए करीब 500 करोड़ रुपये के सहकारी बैंक ऋण घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत 121.35 करोड़ रुपये मूल्य की 40 संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। इसके साथ ही विशेष अदालत में नया आरोपपत्र भी दाखिल किया गया है।

कुर्क की गई संपत्तियों में होटल और सेमी-सबमरीन जहाज शामिल

ईडी द्वारा जारी बयान के अनुसार, पांच नवंबर को जारी कुर्की आदेश में 35 अचल और पांच चल संपत्तियां शामिल हैं। इन संपत्तियों में पोर्ट ब्लेयर स्थित ‘जाय ग्रैंड होटल’ की जमीन और इमारत, कई भूखंड तथा बैंक खाते शामिल हैं।

इसके अलावा, लगभग 2.11 करोड़ रुपये की लागत से क्रोएशिया से आयात किए गए दो सेमी-सबमरीन पर्यटक जहाजों को भी कुर्क किया गया है। ये दोनों जहाज ‘अंडमान एस्केपेड्स प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम पर पंजीकृत हैं।

पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा प्रमुख आरोपितों में

इस बैंक घोटाले में अंडमान एवं निकोबार राज्य सहकारी बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा प्रमुख आरोपितों में शामिल हैं। ईडी ने उन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया था। एजेंसी का आरोप है कि कुलदीप राय शर्मा ने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनियों के जरिए नियमों को ताक पर रखकर ऋण स्वीकृत कराए और बैंक की धनराशि का गबन किया।

52 आरोपितों के खिलाफ दाखिल हुआ आरोपपत्र

जांच एजेंसी ने छह नवंबर को पोर्ट ब्लेयर स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में इस मामले से जुड़ा नया आरोपपत्र पेश किया है। ईडी के अनुसार, इस पूरे घोटाले में अब तक कुल 326 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। एजेंसी द्वारा अब तक दाखिल किए गए दो अलग-अलग आरोपपत्रों में कुल 52 आरोपितों को नामजद किया गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News