जमुई के गुरमाहा गांव की सपना कुमारी ने BBOSE से मैट्रिक पास कर रचा इतिहास, मिले 81% अंक

Share

- Advertisement -

Jamui News: जमुई जिले के नक्सल प्रभावित गुरमाहा गांव में स्कूल भवन ध्वस्त होने के बाद भी सपना कुमारी ने हार नहीं मानी। उन्होंने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) के जरिए 81 प्रतिशत अंक लाकर 10वीं की परीक्षा पास की और गांव की पहली मैट्रिक पास छात्रा बन गई हैं।

बिहार के जमुई जिले के सुदूर गुरमाहा गांव में नक्सली हिंसा के दौरान स्कूल भवन के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ा था। स्कूल की इमारत न होने से खासकर छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई थी। इस विषम परिस्थिति में गांव की तीन छात्राओं ने अपनी शिक्षा जारी रखने का संकल्प लिया और बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) में नामांकन कराया।

81 फीसदी अंक लाकर गांव की पहली मैट्रिक पास छात्रा बनीं

इन तीन छात्राओं में शामिल सपना कुमारी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही सपना गुरमाहा गांव की पहली ऐसी छात्रा बन गई हैं, जिन्होंने मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। सपना की यह सफलता स्थानीय स्तर पर उन बच्चों और बालिकाओं के लिए मिसाल बन गई है, जिनकी पढ़ाई विपरीत परिस्थितियों के कारण बीच में छूट गई थी।

शिक्षा मंत्री ने बताया प्रेरणादायक उपलब्धि

सपना की इस सफलता पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, “सीखने की कोई उम्र नहीं होती। जमुई की बेटी सपना ने अपनी कामयाबी से यह साबित कर दिया है कि परिस्थितियां कभी भी सपनों की उड़ान को सीमित नहीं कर सकतीं। उनकी यह उपलब्धि न केवल गर्व का विषय है, बल्कि राज्य की हजारों महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। मुझे विश्वास है कि सपना की सफलता से प्रेरित होकर कई महिलाएं और बेटियां अपनी अधूरी शिक्षा पूरी करने के लिए फिर से आगे आएंगी और BBOSE के जरिये अपने सपनों को साकार करेंगी।”

शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) उन विद्यार्थियों के लिए सशक्त माध्यम साबित हो रहा है, जो नियमित स्कूली शिक्षा जारी रखने में असमर्थ रहे हैं।

BBOSE से अब तक 1.85 लाख से अधिक दे चुके हैं परीक्षा

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड उन लोगों के लिए अवसर प्रदान करता है, जिनकी स्कूली शिक्षा किसी कारणवश रुक गई थी। यह बोर्ड शिक्षार्थियों को अपनी सुविधानुसार समय देकर 10वीं और 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने का विकल्प देता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1,85,987 विद्यार्थी इस बोर्ड के माध्यम से अपनी परीक्षाएं दे चुके हैं।

Read more

Related News