National News: म्यांमार में विद्रोही समूहों को हथियारों की ट्रेनिंग देने के आरोप में भारत में गिरफ्तार किए गए अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक ने सोशल मीडिया पर बड़ा दावा किया है। वैनडाइक का कहना है कि उसे और छह यूक्रेनी नागरिकों को भारत में करीब छह महीने तक जेल में रखा गया, जो यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध का ही हिस्सा था। एनआईए द्वारा दायर चार्जशीट के बाद फिलहाल वैनडाइक को सशर्त अमेरिका जाने की अनुमति दी गई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में मैथ्यू वैनडाइक ने आरोप लगाया कि भारत में उसकी गिरफ्तारी और हिरासत रूस के इशारे पर की गई कार्रवाई थी। उसने दावा किया कि वह आने वाले छह महीनों में इस मामले से जुड़े कई खुलासे करेगा।
गौरतलब है कि वैनडाइक को शर्तों के आधार पर अमेरिका जाने की अनुमति मिली है और उसके भारत से बाहर रहने की अवधि को 24 फरवरी तक बढ़ाया गया है। इससे पहले उसे एक महीने के लिए अमेरिका भेजा गया था, जिसकी अवधि समाप्त होने पर वह दिल्ली की अदालत में सुनवाई के लिए पेश हुआ था।
एनआईए की चार्जशीट और हटाए गए यूएपीए के आरोप
मैथ्यू वैनडाइक और छह यूक्रेनी नागरिकों को इस शर्त पर स्वदेश जाने की छूट दी गई थी कि वे जांच में सहयोग के लिए वापस लौटेंगे। शुरुआत में उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अपनी चार्जशीट से यूएपीए की धाराएं हटा दीं।
एनआईए ने अपनी चार्जशीट में मैथ्यू वैनडाइक के खिलाफ इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट के तहत आरोप दर्ज किए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, वैनडाइक और यूक्रेनी नागरिकों पर बिना वैध अनुमति म्यांमार में प्रवेश करने, विद्रोही संगठनों को हथियारों का प्रशिक्षण देने और ड्रोन आपूर्ति करने के आरोप हैं।
इसके अतिरिक्त, उन पर भारत में साजिश रचने में यूक्रेनी नागरिकों की सहायता करने का भी आरोप लगाया गया था। वहीं, वैनडाइक ने यह भी दावा किया है कि वह यूक्रेन में युद्ध में हिस्सा ले चुका है।
डॉक्यूमेंट्री मेकर से लड़ाके तक का सफर
अमेरिका के मैरीलैंड निवासी मैथ्यू वैनडाइक ने यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड बाल्टीमोर काउंटी से राजनीति शास्त्र में स्नातक और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से सिक्योरिटी स्टडीज में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। शुरुआती करियर में उसने डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर और वॉर रिपोर्टर के रूप में काम किया।
उसने मोटरसाइकिल से अफ्रीका और पश्चिम एशिया की यात्राएं कीं तथा लीबिया, इराक और अफगानिस्तान में डॉक्यूमेंट्रीज बनाईं। लीबिया में वह कर्नल मुअम्मर गद्दाफी के खिलाफ विद्रोहियों के साथ संघर्ष में शामिल हुआ, जहां उसे गिरफ्तार भी किया गया था। इसी घटनाक्रम के बाद वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था।
भारत में सुरक्षा एजेंसियों ने वैनडाइक को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह पर्यटक वीजा पर भारत आया था और मिजोरम के प्रतिबंधित क्षेत्रों में गया, जिसके बाद वह बिना वैध परमिट के सीमा पार कर म्यांमार में दाखिल हुआ था।