चम्बा में अतिक्रमण और अवैध पटाखा बिक्री पर प्रशासन का कड़ा एक्शन, बाजारों में हड़कंप

Share

- Advertisement -

Chamba News: त्योहारी सीजन के दौरान चम्बा शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण और अवैध पटाखा बिक्री पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम चिराग शर्मा की अगुवाई में पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने गांधी गेट से चौगान-3 तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो दुकानदारों के चालान काटे गए, अवैध रेहड़ी-फड़ियां हटवाई गईं और मुख्य बाजार में पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।

त्योहारी सीजन के दौरान चम्बा शहर के बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने और सड़कों को सुचारू करने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसडीएम चम्बा चिराग शर्मा के नेतृत्व में पुलिस व नगर परिषद की संयुक्त टीम ने बाजार में औचक दबिश दी। इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों और अवैध रेहड़ी-फड़ी संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण करने वाले दो दुकानदारों के चालान किए गए, वहीं दुकानों के बाहर नियमों के खिलाफ पटाखों की फड़ियां लगाने वालों को तुरंत बिक्री बंद करने के निर्देश दिए गए।

गांधी गेट से चौगान-3 तक हटाया गया अतिक्रमण

संयुक्त टीम ने गांधी गेट से लेकर चौगान-3 तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ी-फड़ियों को हटवाया। अभियान के दौरान कुछ संचालकों के साथ तीखी बहस भी हुई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमणकारियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। टीम ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा से बाहर सड़क पर सामान फैलाने वालों को यह अंतिम चेतावनी है। दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर न सिर्फ चालान काटे जाएंगे, बल्कि सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। शहर में अतिक्रमण हटने से संकरे हो चुके रास्तों से राहत मिली है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही सुगम हुई है।

मुख्य बाजार में पटाखों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

एसडीएम चिराग शर्मा ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के मद्देनजर चम्बा शहर के मुख्य बाजार में पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। पाबंदी के बावजूद यदि कोई व्यापारी मुख्य बाजार में पटाखे बेचते पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि अवैध रेहड़ी-फड़ियां हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। सभी व्यापारियों को अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि बाजार में सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News