Shimla News: हिमाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है और तेज धूप खिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दीपावली और आगामी 9 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने से गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो गया है, जबकि ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ठंड में काफी इजाफा हुआ है।
प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज सुहाना बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शोभित कटियार ने जानकारी दी है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप खिल रही है और फिलहाल बारिश की कोई गतिविधि नहीं हो रही है। ऐसा ही शुष्क मौसम 9 नवंबर तक लगातार जारी रहने की संभावना है। हालांकि, लाहौल-स्पीति और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आने से ठंड अधिक महसूस की जा रही है।
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका हल्का प्रभाव प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 10 और 11 नवंबर को देखने को मिल सकता है। इस विक्षोभ के प्रभाव से उच्च पर्वतीय इलाकों में बहुत हल्के स्तर पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, लेकिन इसका व्यापक असर पूरे प्रदेश में नहीं पड़ेगा।
तापमान की स्थिति और शिमला में बर्फबारी पर अपडेट
फिलहाल प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है। निचले मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान लगभग 28 से 30 डिग्री सेल्सियस, मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में 20 से 24 डिग्री और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। 9 नवंबर तक तापमान इसी तरह सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है, जबकि 10 और 11 नवंबर को विशेषकर मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
शिमला शहर में बर्फबारी को लेकर मौसम निदेशक ने स्पष्ट किया है कि अगले पांच से सात दिनों तक शहर में किसी भी प्रकार की मौसमी हलचल या बर्फबारी की संभावना नहीं है। जब भी शिमला या अन्य प्रमुख शहरों में बर्फबारी के आसार बनेंगे, तो मौसम विभाग की ओर से इसकी जानकारी चार से पांच दिन पहले साझा कर दी जाएगी।