New Delhi News: फिल्म निर्देशक लोकेश कनगराज की आगामी साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘जॉन डो’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। अर्जुन दास और संचना नटराजन अभिनीत यह फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर में एक लापता बच्चे की तलाश से शुरू होकर गहराते रहस्य और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ न्याय की कहानी दिखाई गई है।
निर्देशक लोकेश कनगराज ने अपनी नई साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘जॉन डो’ का ट्रेलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी कर दिया है। यह कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भ्रष्ट और प्रभावशाली लोगों को उनके अपराधों की सजा देता है। ट्रेलर साझा करते हुए निर्देशक लोकेश कनगराज ने पूरी कास्ट और क्रू को शुभकामनाएं दीं और इसे दर्शकों के सामने पेश करने पर प्रसन्नता जताई।
ट्रेलर में लापता बच्चे की तलाश और गहराता रहस्य
ट्रेलर की शुरुआत एक छोटे लड़के और उसकी बड़ी बहन से होती है, जो रात के समय खाने-पीने का सामान लेने घर से बाहर निकलते हैं। बहन के किसी काम में व्यस्त होने पर लड़का आइसक्रीम लेने जाता है, लेकिन कुछ ही पलों में रहस्यमय तरीके से गायब हो जाता है। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का सुराग नहीं मिलता, तो पुलिस को सूचित किया जाता है।
कहानी में सामने आता है कि पीड़ित परिवार हाल ही में दुबई से भारत शिफ्ट हुआ था। मामले की जांच का जिम्मा दो पुलिस अधिकारियों—अर्जुन दास और संचना नटराजन को सौंपा जाता है। शुरुआत में साधारण दिखने वाला यह गुमशुदगी का मामला जांच आगे बढ़ने के साथ जटिल और गंभीर मोड़ ले लेता है। 13 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।