प्रयागराज में मकान के फर्श के नीचे मिले नोटों से भरे ड्रम, पुलिस ने बरामद किए करोड़ों रुपये

Share

- Advertisement -

Prayagraj News: प्रयागराज के बरईपुर रामनगर में पुलिस ने एक घर के फर्श की खुदाई कर ड्रमों में छिपाकर रखे गए करोड़ों रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। अब तक लगभग चार करोड़ रुपये गिने जा चुके हैं, जबकि आगे की गिनती और जांच जारी है।

प्रयागराज के बरईपुर रामनगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति के मकान की घेराबंदी कर फर्श की खुदाई शुरू कराई। जमीन के अंदर से एक के बाद एक कई प्लास्टिक के ड्रम बाहर निकाले गए। जब इन ड्रमों को खोला गया, तो उनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई मिलीं।

पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद रकम की गिनती के लिए संबंधित विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

देर रात तक चली नोटों की गिनती

मौके पर बरामद नोटों की गिनती देर रात तक जारी रही, जिसमें प्राथमिक रूप से करीब चार करोड़ रुपये गिने जा चुके थे। हालांकि स्थानीय स्तर और अपुष्ट सूत्रों के हवाले से कुल रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक होने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी गिनती संपन्न होने के बाद ही बरामद नकदी का सही और आधिकारिक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।

पुणे की एक फर्म से जुड़े तार होने की आशंका

सूत्रों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया व्यक्ति पूर्व में पुणे की एक फर्म में कार्यरत था। चर्चा है कि नोटबंदी के दौरान वह वहां से भारी मात्रा में नकदी लेकर फरार हो गया था और गांव लौटकर उसने जमीन खरीदी तथा बाकी रकम ड्रमों में भरकर घर में जमीन के नीचे दबा दी। हालांकि पुलिस ने अभी इस थ्योरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

विवाद के बाद पुलिस तक पहुंची थी सूचना

बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपी का अपने पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान घर में भारी रकम छिपाए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने बुधवार रात दबिश देकर यह कार्रवाई की। खुदाई और नोटों की बरामदगी की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के अनुसार, बरईपुर रामनगर स्थित एक मकान से करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह भारी रकम कहां से आई और इसे इस तरह जमीन में छिपाने का क्या उद्देश्य था।

Read more

Related News