Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी में पूर्व विधायक अजय कुमार और पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर समेत चार दर्जन से अधिक नेताओं ने सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में नेताओं का स्वागत करते हुए इसे पीडीए की मजबूती बताया और मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना राजनीतिक दायरा बढ़ाना तेज कर दिया है। लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और कई दलों के नेताओं सहित चार दर्जन से अधिक लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव और आदित्य यादव भी मौजूद रहे।
पूर्व आईएएस और कई दलों के नेता सपा में शामिल
सपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में पूर्व विधायक अजय कुमार, पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर पासी, पूर्व सांसद प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति, कुशाग्र सागर, कालीचरण, प्रदीप पाण्डेय, रामशंकर गौतम, बलवीर पाल, सगीरा प्रवीण और मुरादाबाद के आदित्य शर्मा शामिल हैं। इसके अलावा मेरठ के जिला पंचायत सदस्य अश्वनी शर्मा, हीरालाल निषाद, अनिल पाल, मानिक दिवाकर, जयपाल सिंह पाल तथा अमेरिका में प्रोफेसर रहीं समीरा परवीन ने भी सपा की सदस्यता ली।
प्रशासनिक सेवा से 2015 में सेवानिवृत्त हुए पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर पासी पूर्व में बसपा और भाजपा में भी रहे हैं। वह 2017 में मोहनलालगंज सीट से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
अखिलेश यादव बोले- नए साथियों से पीडीए को मिली ताकत
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है। पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नए साथियों के जुड़ने से पार्टी के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार का दायरा और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के आने से पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश गया है और आने वाले चुनावों में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।
अखिलेश यादव ने घोषणा की कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा और इसे बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का शोषण हो रहा है, जिसे सपा सरकार बनने पर समाप्त किया जाएगा।
मतदाता सूची में हेराफेरी का आरोप, आधार से जोड़ने की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच के दौरान कई विसंगतियां सामने आई हैं, जहां एक ही नाम से कई जिलों में प्रविष्टियां दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे हजारों मामलों की वजह से निष्पक्ष मतदान पर असर पड़ सकता है।
सपा प्रमुख ने मांग की कि फर्जी मतदान और सूचियों में दोहराव रोकने के लिए मतदाता पहचान पत्र को बायोमीट्रिक सत्यापन के साथ आधार से जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को दूर करने के लिए ठोस और निष्पक्ष कदम उठाए जाएं।