World News: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुए नगरपालिका चुनावों में भारतीय मूल के दो नेताओं ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। शनिवार को हुए मतदान के बाद आए नतीजों में भारत में जन्मे हर्षन रामदास फर्नी के मेयर चुने गए हैं, जबकि सुरिंदरपाल राठौर विलियम्स लेक के दोबारा मेयर बने हैं।
ब्रिटिश कोलंबिया के वैनकूवर, कल्टस लेक और आइलैंड्स ट्रस्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय चुनाव संपन्न हुए। इन चुनावों में मेयर, नगर पार्षद, क्षेत्रीय जिला निदेशक, स्कूल बोर्ड ट्रस्टी और पार्क बोर्ड सदस्यों के चयन के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
हर्षन रामदास ने फर्नी में काइल हैमिल्टन को हराया
भारत में जन्मे हर्षन रामदास ने फर्नी में मेयर पद के कड़े मुकाबले में जीत हासिल की। उन्होंने अपने मुख्य प्रतिद्वंद्वी काइल हैमिल्टन को शिकस्त दी। चुनाव परिणामों के अनुसार रामदास को कुल 1,524 वोट मिले, जबकि काइल हैमिल्टन को 1,194 मतों से संतोष करना पड़ा।
जीत के बाद हर्षन रामदास ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने ऐसे भविष्य को चुना है जो आपसी सहयोग, जवाबदेही और फर्नी के हितों को सर्वोपरि रखने पर टिका है। उन्होंने जनता द्वारा मिले इस बड़े अवसर के लिए धन्यवाद दिया।
विलियम्स लेक में सुरिंदरपाल राठौर की लगातार दूसरी जीत
विलियम्स लेक में भारतीय मूल के सुरिंदरपाल राठौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार मेयर पद पर कब्जा जमाया। राठौर को 2,116 वोट हासिल हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी वाल्ट काब को एक हजार से अधिक मतों के भारी अंतर से हराया।
अपनी जीत पर खुशी जताते हुए सुरिंदरपाल राठौर ने कहा कि दोबारा मौका देने और भरोसा जताने के लिए वे जनता के आभारी हैं। उन्होंने अपनी पत्नी, परिवार, चुनाव प्रचार टीम और पूरे समुदाय का धन्यवाद किया जिन्होंने उनके नेतृत्व पर दोबारा विश्वास जताया।
