California News: अमेरिका के कैलिफोर्निया में चुनावी प्रक्रिया में धोखाधड़ी करने के आरोप में 28 ग्रीन कार्ड धारकों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा गया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इन आरोपियों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इन पर फर्जी मतदाता पंजीकरण कराने और चुनाव में मतदान करने का गंभीर आरोप है।
विभाग के अनुसार नामजद भारतीय नागरिकों की पहचान 30 वर्षीय अमनदीप कौर और 67 वर्षीय कमलेश शाह के रूप में हुई है। सैक्रामेंटो के निवासी कमलेश शाह पर चुनाव के दिन ही फर्जी रजिस्ट्रेशन कराकर वोट डालने का आरोप है। वहीं रैंचो पालोस वर्डेस निवासी अमनदीप कौर ने नागरिकता प्रक्रिया के दौरान मतदान किया था।
ऑपरेशन प्रोटेक्ट द वोट के तहत हुई बड़ी कार्रवाई
अमेरिकी चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए न्याय विभाग ने ऑपरेशन प्रोटेक्ट द वोट के तहत छापेमारी की। इस कार्रवाई में 28 में से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक जांच एजेंसियों ने संदिग्ध मतदाताओं की सूची के आधार पर इन आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए हैं।
न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रीन कार्ड धारकों को अमेरिका में रहने की कानूनी अनुमति होती है, लेकिन उन्हें मतदान का अधिकार नहीं है। नागरिकता आवेदन में झूठे बयान देने और अवैध मतदान के आरोप साबित होने पर दोषियों को पांच साल तक की जेल हो सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
