Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया के बाद भी मतदाता सूची में फर्जी नाम शामिल हैं। अखिलेश ने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
सपा मुख्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा कि एसआईआर के बाद भी सूची में भारी गड़बड़ी है। कई स्थानों पर एक ही व्यक्ति के नाम एक से अधिक मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि आयोग इन गलतियों को छोटी-मोटी बता रहा है, जबकि यह बहुत बड़ी गड़बड़ी है।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव सोमवार को लखनऊ के गोमती नगर में पूर्व मंत्री विद्या चौधरी के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने उनका हालचाल जाना। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब भाजपा हारने लगती है तो बेईमानी पर उतर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की मदद से चुनावी खेल करती है।
सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम करता है। उन्होंने सवाल पूछा कि जब विपक्ष या जनता आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है, तो भाजपा बचाव में क्यों उतरती है? अखिलेश ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोटों की लूट को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सपा प्रमुख ने अधिकारियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
अखिलेश यादव ने दावा किया कि उपचुनाव में वोटों की चोरी और सूची में गड़बड़ी की शिकायत सबूतों के साथ आयोग से की गई थी। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, इसलिए उसे सत्ताधारी दल के इशारे पर काम नहीं करना चाहिए।