Shimla News: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान बाघी पंचायत में 19 लाख रुपये की लागत से बने पशु औषधालय का उद्घाटन किया। इसके चालू होने से इलाके के पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिलेगा। अब उन्हें अपने मवेशियों के उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि पशु औषधालय का निर्माण क्षेत्र के लोगों की बहुत पुरानी मांग थी। राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने और आवश्यक सेवाएं लोगों के घर के पास उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में पशुपालन का बहुत बड़ा योगदान है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि बाघी और रत्नाड़ी पंचायतों में सड़क संपर्क सुधारने के लिए 193 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। बर्फबारी से प्रभावित होने वाला यह इलाका बागवानी के लिहाज से बेहद खास है। सड़कों का जाल मजबूत होने से किसानों और बागवानों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ेगी।
एक साल में विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य तय
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार सभी लंबित विकास कार्यों को एक साल के भीतर पूरा करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तय समय में जनसमस्याओं का निपटारा करने के सख्त निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. मनु वर्मा, जितेंद्र मेहता, मोती लाल डेरटा, रेखा चौहान, बाघी पंचायत प्रधान हरि प्रकाश शोकटा और रत्नाड़ी पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी स्थानीय निवासियों ने पशु औषधालय की सौगात मिलने पर शिक्षा मंत्री और प्रदेश सरकार का धन्यवाद जताया।
