उर्मिला मातोंडकर ने कसौली स्थित ऐतिहासिक संजीवनी हनुमान मंदिर के दर्शन किए, सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर साझा किया अनुभव

Share

- Advertisement -

Solan News: प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के कसौली में स्थित संजीवनी हनुमान मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और अपने इस आध्यात्मिक अनुभव को इंस्टाग्राम पर प्रशंसकों के साथ साझा करते हुए खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की।

उर्मिला ने बताया कि पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह मंदिर बेहद पवित्र स्थल है। उन्होंने उस पौराणिक मान्यता का जिक्र किया कि जब हनुमान जी संजीवनी पर्वत लेकर जा रहे थे, तब उनका पैर इस पहाड़ी पर पड़ा था। यहां हनुमान जी के पदचिह्न की विशेष पूजा की जाती है।

अभिनेत्री ने तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारत के अद्भुत मंदिरों में से एक, संजीवनी हनुमान मंदिर में जाने का अवसर मिला। कहा जाता है कि हनुमान जी के पैर के आकार की पूजा यहां की जाती है। यहां की शांति का अनुभव अवश्य करना चाहिए।”

उर्मिला ने 1977 में फिल्म ‘कर्म’ से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। बाल कलाकार के रूप में ‘मासूम’ से उन्हें पहचान मिली। वर्ष 1987 में फिल्म ‘डकैत’ में सनी देओल की बहन के उनके किरदार को काफी सराहा गया। उन्होंने मलयालम फिल्म ‘चाणक्यन’ से मुख्य अभिनेत्री के रूप में शुरुआत की।

हिंदी सिनेमा में बतौर मुख्य अभिनेत्री उनकी पहली फिल्म ‘नरसिम्हा’ थी। इसके बाद उन्होंने ‘जुदाई’, ‘सत्या’, ‘दिललगी’, ‘खूबसूरत’, ‘जंगल’, ‘कौन’, ‘प्यार तूने क्या किया’, ‘भूत’, ‘एक हसीना थी’, ‘तहजीब’, ‘पिंजर’, ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’, ‘बस एक पल’ और ‘अजोबा’ जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में यादगार अभिनय किया।

दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी उन्होंने ‘थाचोली वर्गीज चेकावर’, ‘अंथम’, ‘गायम’, ‘इंडियन’ और ‘अनगनागा ओका रोजु’ जैसी फिल्मों में काम किया। अभिनय के साथ उर्मिला ‘झलक दिखला जा’ और ‘डीआईडी सुपर मॉम्स’ जैसे डांस रियलिटी शो में जज भी रहीं। वे अंतिम बार 2018 में इरफान खान अभिनीत ‘ब्लैकमेल’ फिल्म में नजर आई थीं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News