Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में दसवीं कक्षा के एक छात्र का शव संदिग्ध हालत में उसकी सहपाठी के घर मिला। इस घटना के बाद इलाके में भारी बवाल मच गया। गुस्साए परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और एंबुलेंस में तोड़फोड़ की। स्थिति संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मामला खेड़ी पुल थाना क्षेत्र की टीटू कालोनी का है। मृतक छात्र और लड़की दोनों एक ही स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। छात्र का शव लड़की के घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद स्थानीय लोग और परिजन भड़क गए। उन्होंने मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम से मारपीट की।
घटनास्थल पर शव लेने पहुंची एंबुलेंस में भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की। एंबुलेंस चालक महफूज ने बताया कि भीड़ के हमले के बाद उन्होंने भागकर जान बचाई। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को संभाला।
मृतक की मां पुष्पा ने कहा कि “मेरे बेटे को लड़की के परिवार ने बुलाया था। मैंने बेटे को गोदाम में भेजा था। मेरे बेटे को मारकर फांसी पर लगाया है। मुझे बताया गया कि गोदाम से गोरे-गोरे लड़के ले गए थे और लड़की के घर पर बेटे की लाश मिली है। लड़की ठीक है। मेरे साथ पुलिस ने मारपीट की है।”
पिता भूषण चौधरी ने बताया कि वह ड्राइविंग करते हैं और मूल रूप से बिहार के निवासी हैं। उनके पांच बच्चे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की की मां ने उनके बेटे को घर बुलाया था। परिजनों का सीधा दावा है कि छात्र को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर फंदे पर लटकाकर मार दिया गया।
एसीपी राजीव कुमार ने बताया कि बेकाबू भीड़ ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और गाड़ी तोड़ी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।