Bilaspur News: एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने संस्थान की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि महज पांच वर्षों में संस्थान ने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में शानदार प्रगति की है। अस्पताल में अब निर्धारित लक्ष्य से अधिक 776 बेड संचालित हो रहे हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अस्पताल में 26 स्पेशलिटी और 15 सुपर स्पेशलिटी सेवाएं पूरी तरह शुरू हैं। यहां न्यूरोसर्जरी, हृदय रोग और कैंसर के जटिल इलाज उपलब्ध हैं। पिछले चार वर्षों में संस्थान की ओपीडी 12 लाख और आईपीडी एक लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है।
देशभर में मेडिकल सीटों और एम्स की संख्या में वृद्धि
जेपी नड्डा ने कहा कि देश में एम्स की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। वर्ष 2014 के मुकाबले मेडिकल कॉलेजों की संख्या 384 से बढ़कर 858 तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा मेडिकल स्नातक सीटें 1.42 लाख और स्नातकोत्तर सीटें 86 हजार हो गई हैं। वर्ष 2029 तक 75 हजार अतिरिक्त सीटें बढ़ाई जाएंगी।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने की सराहना
समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि एम्स बिलासपुर ने राज्य के लोगों की चंडीगढ़ पर निर्भरता खत्म की है। उन्होंने युवा चिकित्सकों से संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि यह डिग्री केवल प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि समाज और पूरे राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।