Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने मटौर-शिमला फोरलेन पर घट्टा-रानीताल टोल प्लाजा की दरें बढ़ा दी हैं। अब कार और जीप से एक दिन में आने-जाने के लिए 100 रुपये शुल्क देना होगा। इस बढ़ोतरी का स्थानीय लोग जमकर विरोध कर रहे हैं।
1 अक्टूबर से शिमला-मटौर नेशनल हाईवे-88 स्थित घट्टा टोल प्लाजा पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। चैलबहल से भंगवार और भंगवार से कांगड़ा बायपास तक के सड़क हिस्से के लिए टोल लागू किया गया है। इसमें 13.630 किलोमीटर का फोरलेन और 35.745 किलोमीटर का टू-लेन हिस्सा शामिल किया गया है।
एनएचएआई की नई दरों के अनुसार कार, जीप या वैन के लिए एक तरफ का टोल 65 रुपये और 24 घंटे में वापसी का शुल्क 100 रुपये तय हुआ है। हल्के कमर्शियल वाहनों को एक तरफ 105 रुपये और रिटर्न का 160 रुपये देना होगा। दो एक्सल वाली बस या ट्रक का एक तरफ का शुल्क 225 रुपये निर्धारित है।
इसके अलावा तीन एक्सल वाले कमर्शियल वाहनों के लिए सिंगल जर्नी 245 रुपये और रिटर्न 370 रुपये लगेगा। चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों को एक तरफ 350 रुपये देने होंगे। वहीं सात या उससे अधिक एक्सल वाले बड़े वाहनों के लिए एक तरफ की यात्रा का टोल 430 रुपये तय किया गया है।
टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए 360 रुपये प्रति माह का मंथली पास रखा गया है। साल 2026-27 के लिए एनुअल पास 3,075 रुपये में बनेगा। बिना फास्टटैग के यूपीआई से भुगतान करने पर 1.25 गुना ज्यादा चार्ज लगेगा। इमरजेंसी में टोल फ्री नंबर 1033 उपलब्ध है।
कांगड़ा की एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को राहत देने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से बात की गई है। सड़क का निर्माण पूरा न होने और नई सुरंगें शुरू न होने से जनता में भारी नाराजगी है। बीते हफ्ते स्थानीय निवासियों ने इस बढ़ोतरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था।